[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

महासमुंद में बड़ा हादसा: खल्लारी माता मंदिर का रोपवे टूटा, कई श्रद्धालु घायल

महासमुंद,22 मार्च (वेदांत समाचार)। आज रविवार सुबह जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। मंदिर तक पहुंचने के लिए उपयोग किए जा रहे रोपवे का एक हिस्सा अचानक टूट गया, जिससे उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे के जरिए मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी तकनीकी खराबी के चलते रोपवे में गड़बड़ी आई और वह टूट गया। हादसे में कई श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

यह पहली बार नहीं है जब खल्लारी माता मंदिर के रोपवे में इस तरह की घटना सामने आई हो। पिछले कुछ वर्षों में भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं, जिससे रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर ट्रस्ट समिति पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद रोपवे के रखरखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या ट्रस्ट समिति केवल चढ़ावे पर ध्यान दे रही है या श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी उसकी प्राथमिकता में शामिल है।

घटना के बाद प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि रोपवे की तकनीकी स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

[metaslider id="133"]