[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान बिजली गिरने से युवक झुलसा…

रायपुर/गरियाबंद, 17 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को गरियाबंद, धमतरी और सरगुजा सहित कई इलाकों में बारिश हुई, वहीं कुछ क्षेत्रों में जमकर ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से किसानों की महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। गरियाबंद जिले के सीनापाली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे खड़े होकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी पीठ का हिस्सा झुलस गया। गोविंद पटेल ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे मौत छूकर निकल गई। बिजली गिरने से इमली के पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी झुलस गया।

घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू के अनुसार युवक की पीठ का छोटा हिस्सा झुलसा है। प्राथमिक उपचार कर दवाइयां दी गई हैं और अंदरूनी चोटों की जांच की जा रही है। इधर छुरा तहसील के रुवाड और बाघमार इलाके में जमकर ओले गिरे, जबकि गरियाबंद और देवभोग क्षेत्र में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। मौसम के अचानक बदले मिजाज और तेज हवाओं के कारण महुआ और आम की फसल को नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब 30 प्रतिशत महुआ की फसल प्रभावित हुई है, वहीं आम के फल और मौर भी झड़ गए हैं, जिससे बाजार में आम की आवक पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

[metaslider id="133"]