Vedant Samachar

गढ़कटरा प्राथमिक विद्यालय में ‘दुनिया का सबसे सस्ता मेला’, 1 रुपये में खिली बच्चों की मुस्कान

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 01 नवंबर (वेदांत समाचार)। गढ़कटरा प्राथमिक विद्यालय, सतरंगा में बाल मेला एवं रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी मनीष अग्रवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक श्रीकांत भारिया एवं अजय कोशले की पहल पर “दुनिया का सबसे सस्ता मेला” आयोजित किया गया, जहाँ सभी खाद्य पदार्थ और मनोरंजन की वस्तुएँ मात्र 1 रुपये में उपलब्ध कराई गईं। इस अनोखे मेले में बच्चों और ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले के साथ आकर्षक रावण दहन कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

अपने उद्बोधन में मनीष अग्रवाल ने कहा कि दोनों शिक्षक विद्यालय की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभा रहे हैं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रेरक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सेवा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान हेतु श्रीकांत भारिया एवं अजय कोशले को सम्मानित किया।

इस अवसर पर एम.बी. पावर अनूपपुर के प्रेसिडेंट अजय अग्रवाल तथा श्रीमति द्रौपदी केदारनाथ अग्रवाल फाउंडेशन की डायरेक्टर श्रीमति संगीता अक्षय गर्ग द्वारा बच्चों और ग्रामवासियों को मिठाई एवं अन्य वस्तुओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम में अरुण केडिया और सुमित अग्रवाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयोजन में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। सरपंच बहोरन मझवार, प्राचार्य श्रीमती अंजू साहू, पंच लिखन सिंह और सुखसिंह, व्याख्याता सरोज खुराना और सविता पैकरा, शिक्षिका किरण कंवर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार के कुशल संचालन और शिक्षकों की मेहनत ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों में भी नीयत और नयापन हो तो “दुनिया का सबसे सस्ता मेला” भी अविस्मरणीय बन सकता है।

Share This Article