Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में युवक ने आत्महत्या की कोशिश की, हंसिया से गला काटा, हालत गंभीर

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 28 जनवरी। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। युवक ने घर के भीतर हंसिया से अपना गला काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक का नाम मंगल दास (30 वर्ष) है। वह अपने जीजा के घर सेमरिया गांव आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक मंगल की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

बताया जा रहा है कि आज बुधवार को जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे, उसी दौरान मंगल ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने घर में रखे हंसिया से अपने गले पर वार कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला और दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़कर देखा तो मंगल खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा मिला।

परिजन उसे तत्काल पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के गले में करीब तीन इंच गहरा घाव है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने आत्महत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।

Share This Article