Vedant Samachar

महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने अचानक छोड़ा पद, इस दिग्गज की हो सकती है वापसी…

Vedant samachar
3 Min Read

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने निजी कारणों का हवाला देकर पद से तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथे स्थान पर रही भारतीय टीम के मुख्य कोच रहे नीदरलैंड्स के शोर्ड मारिन की टीम में इस पद पर फिर वापसी हो सकती है।

मारिन ने अगस्त 2021 में पद से इस्तीफा दिया था। अचानक हुए घटनाक्रम में हरेंद्र सिंह ने हॉकी इंडिया को ईमेल भेजकर सूचित किया है कि वह तुरंत प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। यह विशुद्ध रूप से उनका ‘निजी फैसला’ है।

पिछले साल संभाला था पद

अमेरिका में हॉकी टीम के कोच रहे हरेंद्र सिंह ने भारतीय महिला हॉकी टीम में अप्रैल 2024 में ही पद संभाला था। इससे पहले वह लखनऊ विश्व कप 2016 विजेता जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच रहे थे। भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रदर्शन पिछले एक साल में निराशाजनक रहा है। एफआईएच प्रो लीग 2024-25 में भारतीय टीम 16 मैचों में से महज दो में जीत दर्ज कर सकी और इसके चलते अगले सत्र के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही।

वहीं राजगीर में नवंबर में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने खिताब जीता, लेकिन वहां जापान और कोरिया की दोयम दर्जे की टीमें के चलते ऐसा हो सका। जबकि, एशिया कप में फाइनल हारने के बाद भारतीय टीम विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई।

करियर का खास पल

अपने फैसले पर हरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम को कोचिंग देना मेरे करियर का सबसे खास पल रहा है। मेरा दिल इस शानदार टीम और उनकी लगातार सफलता के साथ है। मैं भारतीय हॉकी को कामयाबी के सबसे ऊंचे स्तर पर ले जाने की उनकी कोशिशों का समर्थन करता रहूंगा। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और भोला नाथ सिंह ने हरेंद्र सिंह को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि हम यह सुनिश्चित करते हैं कि विश्व कप क्वालीफायर के लिए भारतीय टीम की तैयारी योजना के मुताबिक जारी रहे।

Share This Article