Vedant Samachar

कौन है निखिल रविशंकर ? जिनको मिली एयर न्यूजीलैंड की कमान

Vedant samachar
2 Min Read

एयरलाइन कंपनी- एयर न्यूजीलैंड ने निखिल रविशंकर को अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ नियुक्त किया है। वर्तमान में निखिल एयरलाइन कंपनी के मुख्य डिजिटल अधिकारी हैं और अब वह 20 अक्टूबर को ग्रेग फोरन से पदभार ग्रहण करेंगे।

बता दें कि ग्रेग फोरन ने मार्च में घोषणा की थी कि वह एयर न्यूजीलैंड के सीईओ पद से हट जाएंगे।

निखिल रविशंकर के बारे में

एयर न्यूजीलैंड में निखिल रविशंकर ने मुख्य डिजिटल अधिकारी पद को सितंबर 2021 में एयरलाइन में शामिल होने के बाद से संभाला है। एयर न्यूजीलैंड से पहले, निखिल वेक्टर न्यूजीलैंड में मुख्य डिजिटल अधिकारी थे। वह इस कंपनी में 2017 से डिजिटल और आईटी वर्क आदि का नेतृत्व कर रहे थे। वह हेक्टर टेलीकॉम न्यूजीलैंड में भी शामिल रह चुके हैं।

निखिल ने ऑकलैंड विश्वविद्यालय से साइंस ग्रेजुएशन, कंप्यूटर साइंस और कॉमर्स ग्रेजुएशन (ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त की है। वह, विश्वविद्यालय के रणनीतिक सीआईओ कार्यक्रम के सलाहकार और संरक्षक हैं। वह ऑकलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (AUT) इन्फ्लुएंसर नेटवर्क के सदस्य, न्यूजीलैंड एशियन लीडर्स के बोर्ड में और ऑकलैंड ब्लूज फाउंडेशन की सलाहकार समिति के सदस्य भी हैं।

अहम है निखिल की नियुक्ति

निखिल रविशंकर की सीईओ के तौर पर नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब एयरलाइन एक बड़े संकट से बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रही है। कोरोना संकट में इस एयरलाइन को बड़ा नुकसान हुआ। निखिल एयर न्यूजीलैंड की डिजिटलाइजेशन प्रक्रिया में पहले ही अहम भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में सीईओ के रूप में नियुक्ति कंपनी के लिए संजीवनी जैसा हो सकता है।

एयर न्यूजीलैंड की बात करें तो यह ऑकलैंड, क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन जैसे प्रमुख हब से संचालित होता है। यह 50 गंतव्यों को जोड़ता है। संयुक्त राज्य अमेरिका से लॉस एंजिल्स, सैन फ्रांसिस्को, ह्यूस्टन, होनोलूलू और न्यूयॉर्क जैसे शहरों से न्यूजीलैंड के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध कराने में इस एयरलाइन की बड़ी भूमिका है। इस एयरलाइन की स्टार एलायंस के साथ साझेदारी भी है।

Share This Article