कोलकाता/नागपुर, 15 जनवरी (वेदांत समाचार)। कोल इंडिया लिमिटेड में सतर्कता जागरूकता सप्ताह (VAW)–2025 के अंतर्गत “सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर आधारित तीन माह के विशेष अभियान का समापन 13 जनवरी, 2026 को कोलकाता स्थित कॉर्पोरेट मुख्यालय में हुआ। इस अवसर पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के वरिष्ठ प्रबंधक (जनसंपर्क) आशीष तायल को आधिकारिक सोशल मीडिया के माध्यम से सतर्कता विषय पर उत्कृष्ट प्रचार-प्रसार के लिए सम्मानित किया गया।
आशीष तायल को यह सम्मान “WCL संवाद” कार्यक्रम के जरिए सतर्कता जागरूकता को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदान किया गया। उन्हें ट्रॉफी कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) विनय रंजन द्वारा प्रदान की गई। इस अवसर पर कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम, निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी, निदेशक (वित्त) मुकेश अग्रवाल, निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) आशीष कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी बृजेश कुमार त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके पश्चात 15 जनवरी, 2026 को आशीष तायल ने यह ट्रॉफी WCL के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. हेमंत शरद पांडे को कृतज्ञता स्वरूप सौंपी। इस विशिष्ट उपलब्धि पर डॉ. पांडे ने आशीष तायल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) के तकनीकी सचिव अजय कुमार सिन्हा, WCL के महाप्रबंधक (खनन/जनसंपर्क) सतीश गबाले सहित जनसंपर्क विभाग की टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि “WCL संवाद” कार्यक्रम पिछले लगभग पाँच वर्षों से निरंतर इन-हाउस माध्यम से संचालित किया जा रहा है। अब तक इसकी 116 कड़ियाँ सफलतापूर्वक प्रसारित की जा चुकी हैं। इस कार्यक्रम में कोयला उद्योग से जुड़े अनेक दिग्गजों एवं विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता रही है।
कार्यक्रम की प्रभावशीलता और सार्थकता की सराहना माननीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी द्वारा अपने ट्विटर (X) हैंडल के माध्यम से की जा चुकी है। इसके अलावा, कोल इंडिया लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष द्वारा भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए विशेष प्रशंसा पत्र जारी किया गया है।



