Vedant Samachar

दीपका में गो-माता के शवों के अपमान का आरोप, विहिप ने नगर पालिका पर उठाए गंभीर सवाल…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,21 जनवरी (वेदांत समाचार)। नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में गो-माता के प्रति लापरवाही और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि आकस्मिक मृत्यु के बाद गो-माता के शवों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार कराने के बजाय उन्हें कचरा बाड़ी में फेंक दिया जा रहा है।

इस गंभीर विषय को लेकर विश्व हिन्दू परिषद, जिला कोरबा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन का कहना है कि खुले में पड़े शवों को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षत-विक्षत किया जा रहा है, वहीं आवारा कुत्ते शव के अंगों को नोचकर खा रहे हैं। इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंच रही है।

विहिप ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद दीपका जैसी जिम्मेदार संस्था द्वारा इस तरह की संवेदनहीनता अत्यंत निंदनीय है। संगठन ने मांग की है कि गो-माता के सम्मान सहित विधिवत अंतिम संस्कार की स्थायी व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। ऐसा न होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री चितरंजन मिश्रा, नगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल तथा नगर संयोजक अभिषेक यादव उपस्थित रहे। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र और ठोस कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article