नई दिल्ली,11नवंबर : वैभव सूर्यवंशी का T20 डेब्यू तो पिछले साल ही हो चुका था, जब उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राजस्थान के खिलाफ बिहार के लिए अपना पहला मैच खेला था. उसके बाद उन्होंने IPL 2025 के मुकाबले भी खेले. लेकिन, नीली जर्सी, जो कि भारतीय क्रिकेट की पहचान रही है, उसमें उनका T20 डेब्यू अब होता दिखेगा. वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारत की किसी टीम के लिए T20 खेलते नजर आएंगे. 14 साल के खिलाड़ी का ये डेब्यू राइजिंग स्टार्स एशिया कप में देखने को मिल सकता है.
नीली जर्सी में यहां करेंगे T20 डेब्यू
14 नवंबर से शुरू हो रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए जो इंडिया ए की टीम चुनी गई है, उसमें वैभव सूर्यवंशी का भी नाम है. अब चूंकि ये टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा तो जाहिर सी बात है कि उसमें वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू भी देखने को मिल सकता है. अब सवाल है कि इंडिया ए टीम की नीली जर्सी में वैभव सूर्यवंशी अपना पहला मैच खेलते कब दिखेंगे?
इस दिन नीली जर्सी में पहला मैच
नीली जर्सी में वैभव सूर्यवंशी का T20 डेब्यू टूर्नामेंट के ओपनिंग डे पर ही देखने को मिल सकता है. यानी, वो 14 नवंबर को ही अपना पहला T20 मैच नीली जर्सी में खेल सकते हैं. ये मुकाबला UAE के खिलाफ होगा. वैभव सूर्यवंशी ने इससे पहले नीली जर्सी में भारत की अंडर 19 टीम के लिए वनडे मुकाबले खेले हैं. लेकिन कभी भी T20 नहीं खेला. ऐसे में ये पहली ही बार होगा जब वो नीली जर्सी में खेलते दिखेंगे.
वैभव सूर्यवंशी का T20 करियर
नीली जर्सी पहनकर T20 फॉर्मेट में उतरने से पहले वैभव सूर्यवंशी के पास कुल 8 T20 मैचों का अनुभव है. उन 8 T20 मैचों में उन्होंने 207.03 की स्ट्राइक रेट के साथ 265 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है.
वैभव सूर्यवंशी ने बिहार के लिए T20 डेब्यू पर 13 रन बनाए थे. जब उन्होंने IPL डेब्यू किया तो 20 गेंदों में 34 रन बनाए थे. अब देखना ये है कि नीली जर्सी में जब वो T20 डेब्यू करते हैं तो कितना बड़ा स्कोर कर पाते हैं.



