Vedant Samachar

सबरिया समाज को आत्मनिर्भर बनाने पुलिस अधीक्षक की अनोखी पहल — गेंदा महोत्सव में होंगे शामिल, सीखेंगे गेंदा खेती

Vedant samachar
3 Min Read


जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर 2025। जिले के सबरिया समाज को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस एक नई और सराहनीय पहल कर रही है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के मार्गदर्शन में जिले के लगभग 150 सबरिया समाज के लोगों को 11 अक्टूबर 2025 को लैलूंगा, रायगढ़ में आयोजित गेंदा महोत्सव में शामिल किया जाएगा।

गेंदा महोत्सव में मिलेगा प्रशिक्षण


यह महोत्सव रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम कोड़केल में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को गेंदा की खेती से जुड़े व्यावसायिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
महोत्सव में विशेष रूप से विद्याधर पटेल, जिन्हें स्थानीय स्तर पर ‘गेंदा वाला’ के नाम से जाना जाता है, द्वारा गेंदा की उन्नत खेती के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्याधर पटेल स्वयं बड़े पैमाने पर गेंदा की खेती करते हैं और इस क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत माने जाते हैं।

स्वरोजगार की ओर बढ़ता सबरिया समाज

इस पहल का उद्देश्य है कि प्रशिक्षण उपरांत जिले के सबरिया समाज के लोग स्वयं अपने गांवों में गेंदा की खेती कर स्वरोजगार को अपनाएं और आत्मनिर्भर बनें। इससे जहां उन्हें आजीविका के नए साधन मिलेंगे, वहीं यह समुदाय धीरे-धीरे अवैध शराब निर्माण व बिक्री जैसे गैरकानूनी कार्यों से दूरी बनाता हुआ मुख्यधारा में शामिल होगा।

सामाजिक पुलिसिंग की एक मिसाल

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की यह पहल सामाजिक पुलिसिंग का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यदि समाज का कमजोर वर्ग आत्मनिर्भर बनता है, तो वह किसी भी प्रकार के अवैध कार्यों में लिप्त नहीं होगा।
उनके नेतृत्व में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह कार्यक्रम न केवल कानून व्यवस्था की दृष्टि से कारगर है, बल्कि समाज के वंचित वर्ग को विकास की ओर अग्रसर करने वाला भी है।

जिले में हो रहा सकारात्मक परिवर्तन

इस प्रयास का असर अब जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। सबरिया समाज के लोग खुद आगे आकर अवैध गतिविधियों से किनारा कर रहे हैं और स्वरोजगार व कौशल विकास की ओर रुख कर रहे हैं। गेंदा महोत्सव में उनकी भागीदारी न केवल उन्हें नई दिशा देगी, बल्कि जिले के अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

Share This Article