Vedant Samachar

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस की सख्त कार्रवाई, स्कूल–कॉलेजों के आसपास विशेष पेट्रोलिंग

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 30 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्त अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सघन और ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्कूलों और कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत छुट्टी के समय विशेष निगरानी की गई।

इसी क्रम में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आस्था शर्मा के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास अड्डेबाजी, अनुशासनहीनता और नियमों के उल्लंघन की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। इस दौरान मौके पर मौजूद युवकों एवं संदिग्ध व्यक्तियों को समझाइश दी गई, वहीं आदतन रूप से नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, ताकि शैक्षणिक वातावरण सुरक्षित और अनुशासित बना रहे।

अभियान के दौरान थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कुल 06 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इसके साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 02 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा ब्लू बर्ड स्कूल के समीप अवैध रूप से संचालित एक ठेले को बंद कराया गया। बताया गया कि विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री कानूनन प्रतिबंधित है। यह कार्रवाई विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने और स्कूल परिसर के आसपास सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत आगे भी इसी प्रकार सतत, सघन और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Share This Article