Vedant Samachar

रायगढ़ में लकड़ी का अवैध परिवहन करते दो वाहन पकड़ाए, बिना कागजात कर रहे थे परिवहन

Vedant samachar
2 Min Read

रायगढ़, 27 नवम्बर (वेदांत समाचार)। जिले में माजदा वाहन और ट्रैक्टर में कई तरह की अवैध लकड़ियां भरकर उन्हें आरा मिल में छिपाने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने वाहन को रोककर लकड़ियों को जब्त कर लिया। यह घटना रायगढ़ वन परिक्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम रेंगालीपाली सर्किल के वन कर्मचारियों को सूचना मिली कि कोड़ातराई के पास माजदा वाहन में अवैध लकड़ी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही वनकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और माजदा वाहन को रोक लिया। जांच करने पर वाहन में नीम, जामुन और रिया प्रजाति की लकड़ियां मिलीं।

वाहन चालक, उर्दना निवासी 40 वर्षीय राजू मिंज से जब लकड़ी के परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी कागज दिखा नहीं सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह सरिया की ओर से ढिमरापुर की तरफ लकड़ी ले जा रहा था। दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने वाहन और लकड़ियों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

इस मामले में रेंगालीपाली सर्किल प्रभारी शरद बेग ने बताया कि माजदा और ट्रैक्टर में लदी लकड़ियों के कोई दस्तावेज चालक के पास नहीं थे। ऐसे में वाहन को जब्त कर लिया गया। लकड़ियों को आरा मिलों में छिपाने की कोशिश की जा रही थी। फिलहाल जब्त लकड़ियों का आंकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article