Vedant Samachar

स्कूल में बच्चों के सामने दो शिक्षकों में गाली-गलौज और मारपीट, सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल

Vedant Samachar
3 Min Read

सारंगढ़,11 सितम्बर (वेदांत समाचार)। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में उस समय अराजक स्थिति बन गई जब दो शिक्षक आपसी विवाद में बच्चों के सामने ही गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आए। घटना सारंगढ़ जिले के धाराशिव स्कूल की बताई जा रही है, जहां पढ़ाई के दौरान हुए इस झगड़े का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक मनोज कश्यप और विनीत दुबे के बीच बच्चों को पढ़ाने के तरीके और कक्षा संचालन को लेकर बहस छिड़ गई। बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि दोनों शिक्षकों ने एक-दूसरे को धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी और मामला हाथापाई तक पहुँच गया। इस दौरान कक्षा में मौजूद मासूम बच्चे भयभीत हो गए।

घटना का पूरा दृश्य स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज सामने आने के बाद यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और अभिभावकों के बीच नाराज़गी भी देखने को मिल रही है। कई अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों को शिक्षा देने और अनुशासन सिखाने की जिम्मेदारी है, वही इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं तो बच्चों पर इसका गलत असर पड़ेगा।

इस मामले पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) सत्यनारायण साहू ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। स्कूल में इस तरह की घटनाएँ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।”

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएँ न केवल बच्चों की मानसिकता को प्रभावित करती हैं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र की छवि पर भी सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल दोनों शिक्षकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में शिक्षकों के आचरण और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों के सामने इस तरह की हिंसक घटनाएँ उनके मनोविज्ञान पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। इसलिए शिक्षा विभाग को सख्त कदम उठाने की ज़रूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article