रायपुर, 13 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो मैच रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। ये मुकाबले रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस संबंध में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी देते हुए बताया कि IPL के दौरान RCB की टीम रायपुर में अपने मैच खेलेगी। उन्होंने कहा कि IPL जैसे विश्वस्तरीय और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मैच छत्तीसगढ़ में होने से राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी। इससे न केवल खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार IPL मैचों के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी। सुरक्षा, यातायात, दर्शकों की सुविधा और खिलाड़ियों के ठहराव से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहले भी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। अब IPL जैसे बड़े आयोजन की मेजबानी मिलने से रायपुर एक बार फिर देश के क्रिकेट मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है।



