Vedant Samachar

शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 05 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के जांजगीर थाना कोतवाली पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगकर विवाद करने और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 नग बेसबॉल स्टिक और एक लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुनुन्द निवासी प्रार्थी हरीश गड़ेवाल ने थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 जनवरी 2025 को शाम करीब 6 बजे वह नैला से अपने गांव मुनुन्द जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही निवासी किशन चौरसिया और करण कुमार चौरसिया ने उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने अपने पास रखी हॉकी स्टिक और लकड़ी के डंडे से उसके साथ मारपीट की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी से शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट करने की घटना स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से हॉकी स्टिक और लकड़ी का डंडा जब्त कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी कोतवाली, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, राकेश राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं नितीश विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article