Vedant Samachar

एसईसीएल मुख्यालय में 156वीं गांधी जयंती पर बापू को श्रद्धांजलि

Vedant samachar
2 Min Read

0.स्वच्छता शपथ के साथ मनाया गया स्वच्छ भारत उत्सव

बिलासपुर,02 अक्टूबर 2025। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, नेहरू शताब्दी नगर स्थित गांधी उद्यान में बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) आर.सी. महापात्रा, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित विभागाध्यक्ष, श्रम संघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पमाल्य अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। तत्पश्चात सीएमडी श्री दुहन ने उपस्थितजनों को स्वच्छता शपथ दिलाई।

विदित हो कि कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एसईसीएल में विशेष अभियान 5.0 के तहत 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, परिसरों और नदियों की विशेष सफाई की गई। साथ ही मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई गई। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ ही एसईसीएल में स्पेशल कैंपेन 5.0 का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जो आगामी 31 अक्टूबर तक चलेगा।

Share This Article