बिलासपुर, 15 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महाराणा प्रताप चौक पर यातायात जागरूकता कार्यशाला सह “यातायात पाठशाला” का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम भूतल परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिला पुलिस बल बिलासपुर द्वारा किया जा रहा है, जिसमें पुलिस के साथ-साथ सामाजिक संस्थाएं, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन आपसी समन्वय से सहभागिता कर रहे हैं।

कार्यशाला के दौरान आम नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनके निवारण की जानकारी दी गई। दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त एवं कठोर कार्रवाई किए जाने का स्पष्ट संदेश भी दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं भारत में होती हैं और मृत्यु दर भी अत्यधिक है। छत्तीसगढ़ में भी सड़क दुर्घटनाओं की संख्या चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल विभागों की नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर पूर्व उप निरीक्षक उमाशंकर पांडे ने मोटर व्हीकल एक्ट के नवीन प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड सेमेरिटन एवं राहवीर योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता पहुंचाने पर गुड सेमेरिटन को 25,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों के लिए 1,50,000 रुपये तक की कैशलेस उपचार योजना एवं अज्ञात वाहन से दुर्घटना की स्थिति में शासकीय क्षतिपूर्ति की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आएं और समय पर इलाज सुनिश्चित कराने में सहयोग करें। इसके अतिरिक्त सत्यम चौक स्थित यातायात परिसर में आयोजित लर्निंग लाइसेंस एवं बीमा शिविर का भी बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया, जहां वाहन बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहभागी बनें।



