जगदलपुर, 19 अक्टूबर 2025। बस्तर को ओडिशा और आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाली किरंदुल-कोत्तावालसा रेल लाइन पर रविवार तड़के लैंडस्लाइड की वजह से ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई। भारी बारिश के बाद त्याडा और चिपुरूपल्ली स्टेशन के बीच पहाड़ी से चट्टानें खिसककर पटरियों पर गिर गईं, जिससे रेल ट्रैक पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। हादसे के समय एक मालगाड़ी बीच रास्ते पर फंस गई, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से वहीं रोक दिया गया।
सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी दल मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक को क्लियर कराने का कार्य शुरू कर दिया। इस बीच, सुरक्षा कारणों से रेलवे ने किरंदुल-विशाखापट्टनम यात्री ट्रेन समेत इस मार्ग पर चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है, और उम्मीद है कि दोपहर तक ट्रैक को बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



