Vedant Samachar

सड़क सुरक्षा माह के तहत केशरी शिक्षण समिति खोखरा में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,19 जनवरी (वेदांत समाचार)। 37वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले में यातायात पुलिस द्वारा निरंतर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 19 जनवरी 2026 को केशरी शिक्षण समिति, खोखरा जांजगीर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक लालन पटेल, यातायात जांजगीर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर एवं वीडियो के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक दृश्य दिखाकर यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाया गया। निरीक्षक लालन पटेल ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया, जिससे विद्यार्थियों में सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो सके।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क पर व्यवहार करने के लिए प्रेरित करना था, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का स्वयं पालन करने एवं अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। संस्था प्रबंधन ने यातायात पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Share This Article