Vedant Samachar

राहौद में आगजनी व तोड़फोड़ मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के राहौद में हुई आगजनी और तोड़फोड़ की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2025 को की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थीया शीतला बाई रत्नाकर, वर्तमान निवासी राहौद, ने 30 दिसंबर 2025 को थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में दयाशंकर गोंड से अरुण कुमार के माध्यम से आबादी भूमि लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये में खरीदी थी, जिस पर झोपड़ी नुमा मकान बनाकर वे निवास कर रही थीं। आरोप है कि नरसिंग गोंड, बनक राम गोंड एवं भगत गोंड द्वारा उक्त भूमि को आबादी भूमि बताते हुए मकान निर्माण के एवज में 2 से 2.50 लाख रुपये की अवैध मांग की जा रही थी।

प्रार्थीया के अनुसार, मांग पूरी न होने पर 30 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच तीनों आरोपियों ने एकराय होकर उनके मकान की दीवार एवं टीन शेड को सब्बल से तोड़फोड़ किया। इसके बाद घर में रखे कपड़े, राशन, बर्तन, कुर्सी सहित अन्य सामान बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी में प्रार्थीया का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया और लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे प्रार्थीया और उसके परिजन जान बचाकर मौके से भागने को मजबूर हो गए।

रिपोर्ट के आधार पर थाना शिवरीनारायण में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपियों नरसिंग गोंड (33 वर्ष), बनक राम गोंड (50 वर्ष) एवं भगत गोंड (29 वर्ष), सभी निवासी राहौद वार्ड क्रमांक 01, को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान जुर्म स्वीकार करने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना शिवरीनारायण के प्रभारी एएसआई रामप्रसाद बघेल का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article