Vedant Samachar

महिलाओं की सुरक्षा को समर्पित सोनी सब का ‘वागले की दुनिया’, आगामी एपिसोड्स में दिखेगा आत्मरक्षा का महत्व

Vedant samachar
3 Min Read

मुंबई, 24 मई 2025: सोनी सब का शो ‘वागले की दुनिया – नई पीढ़ी, नए किस्से’ अपने दिल को छू लेने वाले पारिवारिक पलों और सामाजिक मुद्दों की गूढ़ प्रस्तुति के लिए दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है। अब यह शो एक और महत्वपूर्ण सामाजिक विषय — महिलाओं की आत्मरक्षा — को सामने लाने जा रहा है, जिसमें करुणा और समझ के माध्यम से समाज में बदलाव लाने का संदेश दिया जाएगा।

आगामी एपिसोड्स में छोटी किट्टू (माही सोनी) आत्मरक्षा की क्लास में शामिल होने की इच्छा जाहिर करती है। हालांकि, डक्कू (दीपक पारीक) और हर्षद (अमित सोनी) शुरुआत में इस विचार को यह कहते हुए नकार देते हैं कि लड़कियों को आत्मरक्षा की ज़रूरत नहीं होती। लेकिन राजेश वागले (सुमीत राघवन) इस सोच से इत्तेफाक नहीं रखते और मानते हैं कि हर लड़की को अपनी सुरक्षा का अधिकार उतना ही है जितना किसी लड़के को। हालात तब बदलते हैं जब सखी (चिन्मयी साल्वी) और गुनगुन (नंदिनी मौर्य) को बस में छेड़छाड़ का सामना करना पड़ता है। यह घटना हर्षद के लिए एक चेतावनी बन जाती है और वह स्वीकार करता है कि राजेश बिल्कुल सही थे। इसके बाद, साई दर्शन सोसायटी में महिलाओं के लिए एक मार्शल आर्ट ट्रेनर बुलाया जाता है जो आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देता है। जब पुरुष घर के छोटे-मोटे कामों में उलझे होते हैं, महिलाएं आगे बढ़कर आत्मरक्षा सीखती हैं और एक योजना बनाती हैं — उसी बस में दोबारा चढ़कर उत्पीड़न करने वालों को बेनकाब करने की।

क्या आत्मरक्षा की यह ट्रेनिंग लड़कियों को अपनी आवाज बुलंद करने और यह संदेश देने के लिए सशक्त बनाएगी कि सुरक्षा और ताकत किसी एक लिंग तक सीमित नहीं है?

शो में राजेश वागले की भूमिका निभा रहे सुमित राघवन ने कहा, “राजेश वागले एक ऐसे किरदार हैं जो हमेशा लैंगिक समानता की बात करते हैं — चाहे घर में हो या समाज में। इस ट्रैक में भी वह दृढ़ विश्वास रखते हैं कि यदि लड़कियां आत्मरक्षा सीखना चाहती हैं, तो यह उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि आवश्यकता भी है। वह मानते हैं कि लड़कियों को निर्भीक, आत्मनिर्भर और मजबूत बनना चाहिए। एक पिता होने के नाते, जहाँ उनकी पहल अपनी बेटी की रक्षा करना है, वहीं वह समझते हैं कि असली सुरक्षा उसे खुद सक्षम बनाना है। मुझे खुशी है कि हमारा शो इतनी संवेदनशीलता के साथ इस विषय को उठा रहा है। यह चर्चा हर घर तक पहुँचना चाहिए कि सुरक्षा और ताकत सिर्फ लड़कों के लिए नहीं — सभी के लिए है।”

देखिए ‘वागले की दुनिया – नई पीढ़ी, नए किस्से’ सोनी सब पर, सोमवार से शनिवार, रात 9:30 बजे।

Share This Article