Vedant Samachar

प्रेमिका को घुमाने के बहाने साथ ले गया प्रेमी, बीच रास्ते में किया मर्डर, पुलिस ने दबोचा…

Vedant Samachar
2 Min Read

गोवा,18जून 2025: गोवा पुलिस ने 15 जून को हुई एक युवती की हत्या का केस सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी अपनी प्रेमिका को गोवा घुमाने लेकर गया था और वहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी का नाम संजय बताया जा रहा है, जो कर्नाटक के हुबली का निवासी है। दक्षिण गोवा के पुलिस अधीक्षक टीकम सिंह वर्मा के मुताबिक, धारबांदोडा इलाके के प्रतापनगर जंगल में 15 जून को युवती की डेड बॉडी मिली थी।

उसके पास एक पर्स था, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली। इसी बीच कर्नाटक के हुबली में रहने वाले युवक की जानकारी हासिल हुई। पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद उस युवती की भी पहचान हो सकी। बताया गया कि हुबली से संजय अपनी प्रेमिका रोशनी को गोवा घुमाने लाया था। यात्रा के दौरान बस में कथित तौर पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके कारण दोनों बागा की जगह अधूरे रास्ते में धारबांदोडा में उतर गए। आरोप है कि संजय अपनी प्रेमिका रोशनी को प्रतापनगर के जंगल में ले गया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि ये लोग बस के जरिए सफर कर रहे थे और गोवा घूमने का प्लान था।

इनको जहां जाना था, उसके पहले रास्ते में उतर गए। उसी जगह पर आरोपी ने मर्डर की घटना को अंजाम दिया और उसके बाद वहां से भाग गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच कुछ पर्सनल विवाद था। इसकी वजह से युवक ने युवती का मर्डर कर दिया। पुलिस अधीक्षक वर्मा के मुताबिक, पिछले कई साल से युवक और युवती दोनों रिलेशनशिप में थे। दोनों एक ही स्कूल में पढ़े थे। फिलहाल लड़की एक स्कूल में काम करती थी और लड़का बेरोजगार है। उन्होंने इस हत्याकांड को लेकर कहा कि जांच सही दिशा में चल रही है।

Share This Article