कोरबा, 29 सितम्बर 2025। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में रविवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए।
समारोह में जिले के राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त, सेवानिवृत्त और नवाचारी शिक्षकों को पुष्पमाला, तिलक और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि हमारी संस्कृति में शिक्षक का दर्जा भगवान से ऊपर है। शिक्षक बच्चों का भविष्य संवारते हैं और बेहतर समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में शिक्षा की अहम भूमिका है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं चल रही हैं। डीएमएफ मद से स्कूलों में पौष्टिक नाश्ता, मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति, शाला भवनों का निर्माण तथा मेधावी छात्रों के लिए नीट और जेईई की निःशुल्क तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



