Vedant Samachar

कोरबा निगम के ’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुनी गई तारा भगत, सुष्मिता एवं चन्नादईया…

Vedant Samachar
4 Min Read

0 उत्कृष्ट कार्यो हेतु निगम के छोटे कर्मचारी हो रहे सम्मानित

कोरबा ,10जून 2025(वेदांत समाचार) – नगर पालिक निगम कोरबा की सहायक ग्रेड-।। श्रीमती तारा भगत, हेल्पर मजदूर सुष्मिता महंत तथा सफाई कामगार बी.चन्नादईया को जून माह का ’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुना गया है। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत व निगम के प्रभारी आयुक्त विनय मिश्रा ने इन कर्मचारियों को बधाई दी है तथा कार्य के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की है। यहॉं उल्लेखनीय है कि आज से 05 माह पूर्व निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की विशेष पहल पर निगम का ’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुने जाने का सिलसिला प्रारंभ हुआ था, इसका मुख्य उद्देश्य निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित करना, उनका उत्साहवर्धन करना एवं अन्य कर्मचारियों को भी इस हेतु प्रेरित व प्रोत्साहित करना था। इसी कड़ी में निगम की सहायक ग्रेड-।। श्रीमती तारा भगत, हेल्पर मजदूर सुष्मिता महंत तथा सफाई कामगार बी.चन्नादईया को जून माह हेतु निगम का ’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुना गया है।

चयनितों ने जताया आभार

’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुनी गई सुष्मिता महंत ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि निगम प्रशासन के प्रति आभारी हूॅं कि मुझे मेरे कार्यो का अच्छा परिणाम मिला है, इससे मुझे और अधिक अच्छा करने की प्रेरणा मिली है। वहीं श्रीमती तारा भगत ने कहा कि मैंने सोचा नहीं था कि मेरा इस तरह से सम्मान होगा, मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रही हूॅं तथा इस सम्मान के लिए निगम प्रशासन के प्रति आभार प्रकट करती हूॅं, वहीं बी.चन्नादईया ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए कहा कि ईमानदारी के कार्य करने व अपने कर्तव्यों का निष्ठा से निर्वहन करने का प्रतिफल मुझे मिला है, मैं बहुत खुश हूॅं तथा निगम प्रशासन को धन्यवाद देता हूॅं।

समिति करती है फेस आफ द मंथ का चयन

आयुक्त ने निगम के फेस आफ द मंथ के रूप में कर्मचारियों का चयन किए जाने हेतु समिति का गठन किया है। अपर आयुक्त की अध्यक्षता में गठित इस समिति में अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता (योजना), उपायुक्त (स्थापना प्रभारी), राजस्व अधिकारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी व अध्यक्ष महिला उत्पीडन, उन्मूलन समिति सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं, यह समिति निगम में कार्यरत कर्मचारियों के कार्यो का आंकलन करते हुए माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 कर्मचारियों का चयन ’’ फेस आफ द मंथ ’’ के रूप में कर रही है।

कर्मचारियों को मिल रहा अच्छे कार्य हेतु प्रोत्साहन

’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुने जाने की इस पहल से निगम के अधिकारी कर्मचारियों विशेषकर छोटे कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है तथा उनके बीच अच्छा कार्य करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है, वहीं जिन कर्मचारियों को ’’ फेस आफ द मंथ ’’ चुना जाता है, वे अपने आपको सम्मानित महसूस कर रहे हैं, उन्हें भविष्य में और अधिक अच्छा कार्य करने, कार्यो में उत्कृष्ट परिणाम देने की प्रेरणा मिल रही है।

Share This Article