कोरबा, 25 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध व अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 22 वारंटियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 स्थायी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा अवैध कच्ची महुआ शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 117.7 लीटर शराब जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अनुभागीय अधिकारियों एवं समस्त थाना-चौकी प्रभारियों को त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 22 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 4 स्थायी वारंटी भी शामिल हैं। इसके साथ ही अन्य प्रकरणों में कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से गिरफ्तारी वारंट जारी थे, लेकिन वे लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर इन्हें गिरफ्तार किया।
वहीं, अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध भी कोरबा पुलिस ने सख्ती दिखाई है। जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 117.7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। इस मामले में 10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब से संबंधित सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



