बिलासपुर, 21 नवंबर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में 20 नवंबर 2025 को खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल उपकरणों तथा HEMM के सुरक्षित इंस्टालेशन और रखरखाव पर एक दिवसीय कार्यशाला सफलतापूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमडी एसईसीएल हरीश दुहन, निदेशक (तकनीकी) संचालन एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (तकनीकी) परियोजना एवं योजना रमेश चंद्र महापात्र, डीजीएमएस पश्चिम क्षेत्र नागपुर के डीएमएस (इलेक्ट्रिकल) टी. श्रीनिवास, डीएमएस (मैकेनिकल) पी.के. जैन, डीडीएमएस (इलेक्ट्रिकल) गौरव लाढा तथा सेफ्टी कमेटी के सदस्य— बी. धर्माराव (AITUC), आई.डी. चौहान (CITU) और जी.एस. प्रसाद (CMOAI) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल तकनीकी हस्तक्षेपों से सुरक्षा और दक्षता दोनों को मजबूत बना रहा है। उन्होंने मैनुअल प्रक्रियाओं को जहां संभव हो, मैकेनाइजेशन से बदलने, उपकरणों को अप-टू-डेट रखने और नई तकनीक अपनाने पर बल दिया, ताकि कार्यस्थलों पर सुरक्षा सर्वोच्च स्तर पर सुनिश्चित हो सके।
निदेशक (तकनीकी) संचालन एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कहा कि ऐसी तकनीकी कार्यशालाएं एसईसीएल की खदानों और वर्कशॉप्स में सुरक्षा स्तर को व्यावहारिक रूप से बढ़ाती हैं। वहीं निदेशक (तकनीकी) परियोजना एवं योजना रमेश चंद्र महापात्र ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ‘जीरो हार्म’ है और प्रत्येक कार्यस्थल व उपकरण की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘टेक-5 नियम’ को सुरक्षा का मूल आधार बताते हुए इसके पालन पर जोर दिया।
कार्यशाला में लगभग 300 प्रतिभागियों—मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के ई एंड एम तथा उत्खनन विभाग के अधिकारी, इंजीनियर, सुपरवाइजर, फोरमैन, कामगार निरीक्षक और तकनीकी कर्मचारी—ने भाग लिया।

कार्यक्रम में डीजीएमएस अधिकारियों द्वारा तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। टी. श्रीनिवास ने फॉल्ट करेंट, अर्थिंग सिस्टम तथा ग्रेडिंग-कोऑर्डिनेशन पर विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद गौरव लाढा ने करंट ग्रेड सिस्टम, करंट ट्रांसफॉर्मर और संबंधित तकनीकी शब्दावली पर प्रस्तुति दी। अंतिम सत्र में पी.के. जैन ने इंजीनियरों और कॉम्पिटेंट पर्सन की जिम्मेदारियों, लॉगबुक और सांविधिक अभिलेखों के रखरखाव, SOP/SMP/JSA अनुपालन तथा दुर्घटना रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) प्रकाश राय ने दिया। कार्यशाला के दौरान महाप्रबंधक (उत्खनन) दीपक कुमार ने HEMM संचालन और सुरक्षा विषयों पर प्रस्तुति प्रस्तुत की। इसके अलावा ओईएम कंपनियों एल एंड टी और कोमात्सू ने अपनी मशीनों में उपलब्ध आधुनिक सुरक्षा फीचर्स साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास ने सभी अतिथियों, डीजीएमएस अधिकारियों और प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रबंधक (पर्यावरण) शेख ज़ाकिर हुसैन और वरिष्ठ प्रबंधक (ई एंड एम) मिताली तिवारी ने किया।



