कोरबा, 20 जनवरी 2026। शहर के टी.पी. नगर स्थित Palm Mall परिसर एवं उसके आसपास मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात अवरोध की समस्या के समाधान को लेकर सोमवार को थाना सिविल लाइन रामपुर में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, नगर निगम, राजस्व विभाग और यातायात शाखा के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा, नगर निगम के जोन प्रभारी, तहसीलदार कोरबा, थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर, यातायात शाखा के अधिकारी तथा संबंधित चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने आपसी समन्वय से व्यवस्था सुधारने पर सहमति जताई।
बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार Palm Mall के सामने एवं आसपास मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मॉल प्रबंधन को निर्धारित पार्किंग स्थलों का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग के साथ यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाए जाएंगे, वहीं नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुगम बनाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



