Vedant Samachar

इंटरसिटी एक्सप्रेस में कोच से उठा धुआं यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप

Vedant Samachar
2 Min Read

जींद,21 जनवरी : जींद जिले के जुलाना रेलवे स्टेशन पर श्रीगंगानगर-बठिंडा इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के कोच नंबर चार से धुआं निकलते देख यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप फैल गया। हालांकि घटना के कुछ देर बाद ही इस पर काबू पा लिया गया। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन जयजयवंती स्टेशन पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोच नंबर चार से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे स्टाफ को दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को तुरंत सुरक्षित दूरी पर हटाया और प्रभावित कोच को खाली करवाया। यह कदम किसी भी संभावित अनहोनी से बचने के लिए उठाया गया।

अग्निशमन यंत्रों से पाया धुएं पर काबू

रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर धुएं पर काबू पाने का प्रयास किया। कुछ ही समय में स्थिति नियंत्रण में आ गई और आग फैलने की कोई घटना नहीं हुई।

तकनीकी खराबी की आशंका

प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि धुआं तकनीकी खराबी या ब्रेक सिस्टम में अत्यधिक गर्मी के कारण उठा होगा। हालांकि, रेलवे विभाग ने घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

कोई हताहत नहीं, राहत की सांस

इस घटना में किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियातन ट्रेन को कुछ समय के लिए स्टेशन पर रोका गया और तकनीकी टीम ने कोच की गहन जांच की। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। कहा गया है कि समय रहते मिली सूचना और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

Share This Article