Vedant Samachar

अड्डेबाजी, नशाखोरी और ग्रुपबाजी करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई…

Vedant Samachar
3 Min Read
अड्डेबाजों-नशेड़ियों को पुलिस ने खदेड़ा पकड़े गए बदमाशों को कराई उठक-बैठक

अड्डेबाजों-नशेड़ियों को पुलिस ने खदेड़ा पकड़े गए बदमाशों को कराई उठक-बैठक

बिलासपुर,05 जनवरी (वेदांत समाचार) । बिलासपुर में पुलिस ने गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी और ग्रुपबाजी करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। रविवार रात पुलिस ने 12 बदमाशों को खदेड़कर पकड़ा और चौराहों पर उनसे उठक-बैठक कराई। वहीं, देर रात चाकू लेकर घूम रहे एक बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता को सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस ने जिलेभर में सघन अभियान शुरू कर दिया है।

बीते तीन से चार दिनों के भीतर पुलिस ने 36 से अधिक असामाजिक तत्वों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान कुछ बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई, कुछ को कान पकड़कर उठक-बैठक कराकर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि यह अभियान एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। गुंडे-बदमाशों, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।

यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। रविवार की देर रात सिविल लाइन पुलिस ने मगरपारा इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे युवक को पकड़ लिया। उसे भागते देखकर थाना प्रभारी एसआर साहू ने पकड़ने के निर्देश दिए। जिस पर टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी लेने पर अरशद खान से बटनदार चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर कहीं सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अड्डेबाजी, ग्रुप बनाकर हुड़दंग, शांति भंग करने की कोशिश करते कोई भी दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का दावा है कि सूचना मिलते ही चंद मिनटों के भीतर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। कंट्रोल रूम के नंबर 9479193099, डॉयल 112 या फिर सीएसपी सिविल लाइन के नंबर 9479193006 पर सूचना दी जा सकती है।

Share This Article