Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, अंबिकापुर बना सबसे ठंडा शहर, शीतलहर से जनजीवन प्रभावित…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर ,01 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान अंबिकापुर रहा, जहां पारा गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पेंड्रारोड में 6 डिग्री, दुर्ग में 8.2 डिग्री, राजनांदगांव में 8.5 डिग्री, जगदलपुर में 9 डिग्री और बिलासपुर में 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर दिखा, जहां न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी जिले के लिए कोई नई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को शीतलहर से बचाव की सलाह दी है। वहीं रायपुर शहर में 1 जनवरी की सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

Share This Article