Vedant Samachar

डायल 112 के चालक पर गैंगरेप का गंभीर आरोप, कोरबा में हड़कंप; दो आरोपी हिरासत में, तीन फरार

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,09 जनवरी 2026। कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डायल 112 में पदस्थ एक चालक पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि डायल 112 वाहन में तैनात चालक अपने चार साथियों के साथ बांकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल के एक आवास में पहुंचा, जहां उन्होंने एक युवती को बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता को तत्काल उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस द्वारा सिविल लाइन थाना में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक इस मामले में कुल पांच आरोपी शामिल हैं, जिनमें से दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

डायल 112 जैसे आपातकालीन सेवा से जुड़े कर्मी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।

Share This Article