Vedant Samachar

मुंगेली पुलिस की संवेदनशील पहल: दूरस्थ वनांचल में बैगा परिवारों संग मनाई ‘दीपावली की खुशियाँ’

Vedant Samachar
2 Min Read

मुंगेली,22अक्टूबर (वेदांत समाचार)। खुशियाँ बाँटने से ही बढ़ती हैं — इसी भावना के साथ मुंगेली पुलिस ने इस बार दीपावली का पर्व बेहद अनोखे अंदाज़ में मनाया। पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल के नेतृत्व में ‘पहल जागरूकता अभियान’ के तहत पुलिस टीम ने चौकी खुड़िया क्षेत्र के वनांचल ग्राम बहाउड़ पहुँचकर वहाँ निवासरत बैगा परिवारों के साथ दीपावली और गोवर्धन पर्व की खुशियाँ साझा कीं।

इस अवसर पर लगभग 88 बैगा परिवारों और उनके 260 बच्चों को मिठाई, चॉकलेट और पटाखे वितरित किए गए। दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले इन परिवारों के चेहरों पर मुस्कान देख पुलिस कर्मी भी भावुक हो उठे। पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने कहा —

“पुलिस केवल अपराध से निपटने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज का वह हिस्सा है जो हर नागरिक की खुशी, सुरक्षा और सम्मान का रक्षक है। हमारा प्रयास है कि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुँचे कि पुलिस आपकी अपनी है।”

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के बीच शिक्षा, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों पर संवाद भी किया गया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस आत्मीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता और मजबूत होता है।

‘पहल’ अभियान के तहत मुंगेली पुलिस का यह कदम न केवल एक त्योहार की खुशी बाँटने का उदाहरण है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली प्रेरणादायक मिसाल भी है।

Share This Article