कोरबा, 04 दिसम्बर 2025। जिले के प्रभारी सचिव एवं ऊर्जा, जनसम्पर्क, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे तथा क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।
बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी सचिव ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने तथा जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन (यूएलए) मॉडल के माध्यम से शहरी और ग्रामीण घरों में सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने जानकारी दी कि पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के 316 आवासों में सोलर पैनल स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है।

डीएमएफ के तहत जिले में सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य व भवन निर्माण कार्यों की प्रगति भी बैठक में प्रस्तुत की गई। प्रभारी सचिव ने पीएम आवास ग्रामीण व शहरी, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत सरोवर, पीएम जनमन तथा एनआरएलएम की गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और प्रभावी बनाते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा निपटान व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं के कौशल उन्नयन और आजीविका संवर्धन पर भी बल दिया।
राजस्व विभाग के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, बटांकन और भू-अर्जन से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। डीएमएफ के तहत अधूरे कार्यों को समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने को भी कहा।
प्रभारी सचिव ने स्वच्छता सर्वेक्षण में कोरबा नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त होने पर बधाई दी और आगे भी बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया। निगम आयुक्त ने बताया कि शहर में पेयजल परियोजना, मल्टीलेवल पार्किंग, ऑक्सीजन जोन और एक मॉडल ग्रीन वार्ड सहित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं।
खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी राशन कार्डधारी परिवारों तक समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने हेतु ‘चावल उत्सव’ आयोजित करने के निर्देश दिए। धान खरीदी में पात्र किसानों को प्राथमिकता देने तथा अवैध धान परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। कृषि विभाग को फसल विविधिकरण बढ़ाने, सरसों, मूंगफली और सूरजमुखी के रकबे में वृद्धि करने तथा सिंचाई और कृषि यंत्रीकरण के विस्तार के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों—वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य—की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने कहा कि योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।



