बिलासपुर, 05 अक्टूबर (वेदांत सामाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) वसंत विहार बिलासपुर में आज डीएवी स्कूल परिसर में ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 6.0 एवं साइकिल रैली ’ का भव्य आयोजन किया गया।
यह आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलाए जा रहे फिट इंडिया फ्रीडम रन 6.0 अभियान के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महाप्रबंधक (सिविल), महाप्रबंधक (पीआरबी सेल), महाप्रबंधक (कल्याण) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर बिरंची दास ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “फिटनेस केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और सशक्त भारत का निर्माण कर सकता है।”

रन और साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “स्वच्छता और स्वास्थ्य (Swachhata aur Swasthya)” का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने “फिट बॉडी, फिट माइंड, फिट इंडिया” के संदेश को आत्मसात करने का प्रण लिया।



