बिलासपुर, 13 जनवरी (वेदांत समाचार)। कोयले के व्यापार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह पर सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों पर कोयला व्यापार में निवेश के नाम पर लगभग 68 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
मामला थाना सरकंडा क्षेत्र का है। इस संबंध में उज्जैन (मध्यप्रदेश) निवासी व्यवसायी अरविंद सिंह पवार ने 11 जनवरी 2026 को सरकंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह गुरूप्रकाश बायो फ्यूल, गुरू एग्रो ब्रिकेट्स एवं प्रकाश लोक बायो फ्यूल के नाम से व्यवसाय करता है।
प्रार्थी के अनुसार मार्च 2025 में अतीक उर रहमान उर्फ राजा खान उससे मिलने सेंट्रल प्वाइंट होटल बिलासपुर आया और कोयले के व्यापार में निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का लालच दिया। राजा खान ने अपने परिचित सोनम कश्यप और नहरू साहू से मिलवाया, जिन्होंने खुद को क्रमशः सुपर कोल ट्रेडिंग और एस.एस. कोल ट्रेडिंग का प्रोपराइटर बताया।
आरोपियों ने कोयला व्यापार में निवेश करने पर प्रति टन 200 से 500 रुपये तक का मुनाफा पांच दिनों में देने का दावा किया। उनकी बातों में आकर प्रार्थी ने अपने फर्म के खाते और नकद माध्यम से अलग-अलग तिथियों में कुल 1 करोड़ 13 लाख 10 हजार रुपये निवेश किए।
कुछ समय बाद आरोपियों ने केवल 61 लाख 2 हजार 626 रुपये वापस किए, जबकि शेष 67 लाख 97 हजार 374 रुपये लौटाने से इनकार करते रहे और टालमटोल करते रहे। जब बार-बार रकम की मांग की गई तो आरोपियों ने पैसा देने से साफ मना कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) अनुज कुमार एवं सीएसपी सरकंडा निमितेश के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद नहरू उर्फ नहरू साहू, अतीक उर रहमान उर्फ राजा खान एवं सोनम कश्यप को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से कोयला व्यापार के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।



