कोरबा/बालको नगर, 16 जनवरी (वेदांत समाचार)। द्विज परिवार के सम्मानित सदस्य एवं बालको नगर के प्रतिष्ठित नागरिक, भागवताचार्य और कथावाचक विनय मिश्र का एक ट्रेन दुर्घटना में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से बालको नगर, सीपत और बिलासपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विनय मिश्र मिश्रा परिवार के कुल दीपक माने जाते थे और अपने सरल, सौम्य स्वभाव तथा सदैव दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहने के कारण समाज में विशेष पहचान रखते थे।
बताया गया है कि ट्रेन दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया। वे बालको हाउसिंग बोर्ड में निवासरत थे और धार्मिक प्रवचनों तथा भागवत कथा के माध्यम से लंबे समय से समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे थे। उनकी सौम्य मुस्कान, सहज व्यवहार और सेवा भावना को लोग हमेशा स्मरण करते रहेंगे।
विनय मिश्र के निधन से परिवारजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस विषम परिस्थिति में द्विज परिवार सहित नगर के अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
नगरवासियों ने दिवंगत विनय मिश्र के सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
ओम शांति।



