रायपुर,07 अगस्त (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा घोषित 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को अब तेजी मिलने वाली है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए संशोधित प्रस्ताव स्कूल शिक्षा सचिव को भेज दिया है, जिसके अनुमोदन के बाद आधिकारिक नोटिफिकेशन जल्द जारी होने की संभावना है।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले पदों का वर्गीकरण:
सहायक शिक्षक – 2000 पद
सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) – 200 पद
शिक्षक (कला संकाय, कृषि, अंग्रेजी एवं संस्कृति) – 1500 पद
खेल शिक्षक एवं योग शिक्षक – 300 पद
व्याख्याता (अंग्रेजी, गणित, भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान, वाणिज्य, संस्कृत, कंप्यूटर एवं कला समूह) – 1000 पद
इस प्रकार कुल मिलाकर 5000 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। यह भर्ती प्रदेश के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता को बेहतर बनाने में अहम साबित होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का वादा पूरा होने की ओर:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पदभार संभालने के बाद शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की घोषणा की थी। उन्होंने हाल ही में 5000 शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया था, ताकि शिक्षकों की कमी से जूझ रहे स्कूलों को राहत मिल सके। सीएम साय ने यह भी स्पष्ट किया था कि नियुक्तियों में पारदर्शिता, योग्यता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और मेरिट को प्राथमिकता:
लोक शिक्षण संचालनालय के सूत्रों के अनुसार, इस बार भर्ती प्रक्रिया में कड़ी पारदर्शिता और सख्त नियमों को अपनाया जाएगा। भर्ती के लिए आवेदन, परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चयन प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की धांधली, पक्षपात या भ्रांति की गुंजाइश न रहे।




