Vedant Samachar

रायपुर पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 13 सिलेंडर जब्त

Vedant samachar
4 Min Read

रायपुर/आरंग, 28 जनवरी (वेदांत समाचार)। थाना आरंग पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के कुल 13 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले का खुलासा डीएसपी लम्बोदर पटेल ने किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना आरंग, जिला रायपुर में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थी राजकुमार टंडन ने 27 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ग्राम गुल्लू बस स्टैंड में राजहंस च्वाइस सेंटर है, जहां से घरेलू गैस सिलेंडर का वितरण किया जाता है। 20 जनवरी को वे दुकान बंद कर निजी कार्य से आरंग गए थे और दुकान के सामने 6 भरे हुए तथा 7 खाली सिलेंडर रखे थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि 4 भरे हुए एचपी कंपनी के गैस सिलेंडर गायब हैं।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक अज्ञात व्यक्ति अपने साथी के साथ नीले रंग की एक्टिवा में सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिया। रिपोर्ट के आधार पर थाना आरंग में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई।

जांच के दौरान एक्टिवा वाहन और आरोपी की गतिविधि थाना राजेन्द्र नगर क्षेत्र में पाई गई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी कन्हैयालाल राजपाल सिंधी निवासी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मुकेश कुकरेजा के साथ मिलकर ग्राम गुल्लू बस स्टैंड से 4 गैस सिलेंडर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए सिलेंडर उसने विकास कुमार गुप्ता निवासी गुढ़ियारी रायपुर की बर्तन दुकान में बेचे थे

पुलिस ने विकास कुमार गुप्ता की दुकान से कुल 11 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी कन्हैयालाल ने यह भी कबूल किया कि उसने अपने साथी के साथ महासमुंद और रायपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई स्थानों से गैस सिलेंडर चोरी की है। आरोपी द्वारा दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच महासमुंद, बसना, अभनपुर और रायपुर के अलग-अलग इलाकों से इंडेन, एचपी और भारत गैस कंपनी के सिलेंडर चोरी किए गए थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कन्हैयालाल राजपाल सिंधी के खिलाफ रायपुर जिले के पुरानी बस्ती, टिकरापारा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैयालाल राजपाल सिंधी पिता लालचंद उम्र 48 वर्ष निवासी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर तथा विकास कुमार गुप्ता पिता संजय गुप्ता उम्र 23 वर्ष निवासी गुढ़ियारी रायपुर शामिल हैं। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article