रायपुर, 14 सितम्बर (वेदांत समाचार)। रायपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने गणेशोत्सव पर्व और विसर्जन झांकी के दौरान यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करने वाले पुलिस मितानों का सम्मान किया। यह पुलिस मितान योजना पुलिस विभाग का एक नवाचार है जिसका उद्देश्य सड़क हादसों में घायलों की मदद करने के लिए स्थानीय लोगों को पुलिस के साथ जोड़ना है। जिला रायपुर में सड़क हादसों में मौतों की संख्या कम करने के लिए पुलिस मितान योजना शुरू की गई। स्थानीय युवा वर्ग स्वयं आगे आकर पुलिस मितान बन रहे हैं और पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
गणेशोत्सव के दौरान 38 पुलिस मितानों ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग किया। पुलिस मितानों ने संध्या 6 बजे से रात्रि 1 बजे तक पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, तात्यापारा चौक जैसे क्षेत्रों में काम किया।

डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस मितानों को उनके कार्यों के प्रति लगन, समर्पण और जुझारूपन को देखते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में डॉ. प्रशांत शुक्ला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, उप पुलिस अधीक्षक और अन्य स्टाफ उपस्थित थे। डॉ. लाल उमेद सिंह ने युवाओं से कहा कि वे फिजिकल फिट रहें और वर्दी वाली भर्तियों के लिए तैयारी करें। सड़क हादसों में घायलों की मदद करने के लिए गुडसेमेरिटन प्रोत्साहन योजना का लाभ उठा सकते हैं।



