रायपुर,09 दिसंबर (वेदांत समाचार)। विद्या भारती द्वारा देशभर में सरस्वती शिशु मंदिर के नाम से संचालित विद्यालयों में केजी-1 से कक्षा 12वीं तक शिक्षा दी जाती है। इसी संस्था से शिक्षा प्राप्त 22 पूर्व छात्रों का, जिनका चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 में हुआ है, सम्मान समारोह 7 दिसंबर को सरस्वती शिक्षा संस्थान, रोहिणीपुरम रायपुर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारी (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) अवधेश त्रिवेदी और मुख्य वक्ता प्रांतीय संगठन मंत्री (विद्या भारती छत्तीसगढ़) डॉ. देव नारायण साहू ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मार्गदर्शन दिया।
चयनित उम्मीदवारों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यालय के संस्कार और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों की बदौलत वे इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि “हम भले ही यहां के संस्कारों को छोड़ दें, लेकिन विद्यालय के संस्कार हमें कभी नहीं छोड़ते।” सभी ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय छोड़ देने के बाद भी संस्था ने उन्हें याद रखा और सम्मान का मंच दिया।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (विद्या भारती मध्य क्षेत्र) जुड़ावन सिंह ठाकुर, मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ छत्तीसगढ़) अभय कुंभकार और विशिष्ट अतिथि कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव सिंह ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने उद्बोधन में कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा कि वे स्वयं भी सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने बताया कि हिंदी में बात करने में कभी हीनभावना महसूस नहीं की और पीएससी परीक्षा में भी उन्होंने हिंदी माध्यम का ही चयन किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिखावे की होड़ में मातृभाषा को छोड़ना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में विनम्रता अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरस्वती शिशु मंदिर के संस्कार ही अधिकारी को अपनी कार्यशैली और व्यवहार में अलग पहचान देते हैं।

सभी अतिथियों ने सेवा भाव, संवेदनशीलता और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ प्रशासनिक दायित्व निभाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि राज्य और देश के विकास में प्रभावी योगदान दिया जा सके।
यह कार्यक्रम पूर्व छात्रों द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें पूर्व छात्र परिषद प्रांत संयोजक परिचय मिश्रा, प्रांतीय अध्यक्ष (विद्या भारती छत्तीसगढ़) राम भरोसा सोनी, प्रांतीय सचिव लक्ष्मण राव मगर, डॉ. रवि शांडिल्य, नीरज जैन, आलोक पांडे, अंकुर ठाकुर, लोमश देवांगन सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र और विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।



