Vedant Samachar

Raigarh Crime: नाबालिगों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालक गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 30 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने नाबालिग बच्चों को नशे के उद्देश्य से व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि हाईस्कूल के सामने मेन रोड किनारे स्थित साक्षी स्टेशनरी के संचालक चंद्रभान पटेल एवं प्रिया फैन्सी एवं स्टेशनरी के संचालक उमेश पटेल द्वारा अपनी दुकानों में बड़ी मात्रा में व्हाइट इंक करेक्शन पेन (व्हाइटनर) रखकर नाबालिग बच्चों को नशे के रूप में उपयोग के लिए बेचा जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों दुकानों पर दबिश दी, जहां से कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट 12 एमएल (डायल्यूटर पेन) कुल 234 नग बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 6,990 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही एक रियलमी मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये है, भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत करीब 11,990 रुपये बताई गई है। जब्त सामग्री का विधिवत पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी इस बात से अवगत थे कि व्हाइट इंक करेक्शन पेन का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे मानव जीवन संकट में पड़ सकता है, इसके बावजूद वे नाबालिग बच्चों को इसका विक्रय कर रहे थे। इससे बच्चों में नशे की लत लगने और उनके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जेजे एक्ट) की धारा 77 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 275 एवं 286 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों चंद्रभान पटेल और उमेश पटेल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन, आरक्षक सुमित एक्का एवं जितेंद्र कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों, जुआ और सट्टा के विरुद्ध अभियान स्तर पर लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Share This Article