Vedant Samachar

Raigarh Crime : फ्रेंड्स कॉलोनी चोरी मामले में पुलिस को 48 घंटे में बड़ी सफलता, बंद तिजोरी समेत जेवरात और नकदी बरामद

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई चोरी की घटना में रायगढ़ पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आज सुबह घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाकर चोरी गई तिजोरी को बंद हालत में बरामद किया।

सर्च के दौरान न्यू अग्रोहा धाम भवन के पीछे झाड़ियों में तिजोरी मिली। इसके बाद प्रार्थी आलोक अग्रवाल एवं उनके परिजनों की उपस्थिति में विधि अनुसार पंचनामा कार्रवाई करते हुए तिजोरी खुलवाई गई, जिसमें रखे शत-प्रतिशत सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि सुरक्षित अवस्था में बरामद हुई।

उल्लेखनीय है कि इस संबंध में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना कोतरारोड में गौरव अग्रवाल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उनके छोटे भाई आलोक अग्रवाल, निवासी क्वार्टर नंबर 19, फ्रेंड्स कॉलोनी, निजी कार्य से 27 दिसंबर को रायपुर गए हुए थे। 29 दिसंबर को दोपहर घर की महिला सहायिका द्वारा मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने और संदिग्ध स्थिति की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर बेडरूम की ग्रिल टूटी हुई मिली, ताले टूटे थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।

पुलिस ने थाना कोतरारोड में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 505/2028, धारा 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घर स्वामी द्वारा तिजोरी और अलमारी से करीब 54 तोला सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 2 लाख रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान चोरी गई तिजोरी की बरामदगी संभव हो सकी।

बरामद तिजोरी से 27 तोला सोने के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है, तथा 64 हजार रुपये नकद, कुल करीब 25.64 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा चोरी गए अन्य सामानों की तलाश और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना कोतरारोड प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, करुणेश राय, आरक्षक टिकेश्वर यादव, राजेश खांडे, चंद्रेश पांडे, चूड़ामणि गुप्ता सहित साइबर सेल के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चोरी गई तिजोरी और कीमती सामान की बरामदगी पर प्रार्थी पक्ष ने रायगढ़ पुलिस के त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।

Share This Article