KORBA में प्रचार वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 6 घायल, 3 गंभीर, घायल बोले- तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के चिकनीपाली मुख्य मार्ग पर शांति हीरो होंडा डीलक्स कंपनी का प्रचार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। सभी राजनांदगांव के रहने वाले हैं। घायलों में से तीन लोगों की स्थिति गंभीर है। अनिल यादव, वीरेंद्र प्रताप और गुलशन कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

राजनांदगांव से आई थी प्रचार टीम, वापस लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शांति हीरो होंडा डीलक्स कंपनी की प्रचार टीम राजनांदगांव से कोरबा पहुंची थी। वे उरगा इलाके में प्रचार-प्रसार कर कोरबा लौट रहे थे, तभी चिकनीपाली मुख्य मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में चार पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं, जिनमें अनिल यादव, वीरेंद्र प्रताप और गुलशन कुमार को गंभीर चोटें आई हैं।

घायल बोले- तेज रफ्तार के कारण पलटा वाहन

घायल अनिल यादव ने बताया कि वाहन की रफ्तार तेज होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद वह बेहोश हो गया और बाकी साथी खून से लथपथ थे। उसे यह भी समझ नहीं आया कि हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ।

नुक्कड़ नाटक के जरिए करते थे प्रचार

प्रचार टीम शहर और ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कंपनी का प्रचार करती है। हादसे के दिन भी वे उरगा क्षेत्र में प्रचार कर लौट रहे थे।

जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती, इलाज जारी

फिलहाल सभी घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।