Vedant Samachar

राजधानी में घंटों बिजली गुल: कॉलोनियों में ब्लैकआउट से जनता परेशान…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,25अगस्त (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में रविवार को अचानक बिजली गुल हो जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 3 बजे से रायपुर पश्चिम की कई कॉलोनियों जिनमें कैलाशपुरी, पुजारी नगर, प्रोफेसर कॉलोनी, वीरभद्र नगर, मठपारा और राधा स्वामी नगर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। स्थिति यह रही कि हजारों लोग देर शाम तक ब्लैकआउट झेलते रहे।

अंडरग्राउंड लाइन में खराबी

पॉवर कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, समस्या की वजह बिजली की अंडरग्राउंड लाइन में आई खराबी रही। तकनीकी टीम को खामी ढूंढने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों के पसीने छूट गए, लेकिन तब तक लोगों का संडे बिजली कटौती की वजह से खराब हो चुका था।

शिकायतों पर नहीं मिला समाधान
लोगों ने बिजली सप्लाई बाधित होने की जानकारी के लिए बिजली विभाग के कार्यालय में लगातार फोन कर शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक सप्लाई बंद होने पर उपभोक्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया।

लोगों में नाराजगी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आए दिन बिजली गुल रहना आम समस्या बन चुकी है, जिससे न केवल घरेलू कामकाज प्रभावित होता है बल्कि व्यापार और छात्रों की पढ़ाई पर भी असर पड़ता है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में सुधार न होने पर नाराजगी जताई है।

Share This Article