Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा: पामगढ़ में पुलिस का जन-जागरूकता अभियान, CSP योगिताबाली खापर्डे ने छात्र-छात्राओं को दिए महत्वपूर्ण संदेश

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर चांपा,08 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिला जन-जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पामगढ़ स्थित विद्या निकेतन मॉडल कॉन्वेंट एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने कहा कि वर्तमान समय में लड़कों को पराठा बनाना और लड़कियों को कराटे सीखना आना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन भविष्य निर्माण की नींव होता है, ऐसे में विद्यार्थियों को बहकावे से बचते हुए स्पष्ट लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना चाहिए। सीएसपी ने नाबालिग बच्चों के घर छोड़कर भागने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन का सही उपयोग ज्ञान और सकारात्मक जानकारी प्राप्त करने के लिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने और साइबर अपराध जैसी समस्याओं से निपटने के लिए पुलिस हेल्पलाइन और साइबर शिकायत प्रणाली की जानकारी भी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चे और छात्राएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान यातायात शाखा के निरीक्षक लालन पटेल ने चलचित्र के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाना कानूनन अपराध है। नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने से बचना चाहिए और साइकिल का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

महिला सेल की प्रधान आरक्षक निशा पांडेय ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी देते हुए आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। वहीं कराटे मास्टर रुक्मणी पांडेय ने महिलाओं को सशक्त बनाने में कराटे की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए आत्मरक्षा का जीवंत प्रदर्शन किया, जिसे विद्यार्थियों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के संचालक नरेंद्र पांडेय ने सभी अतिथियों, पुलिस अधिकारियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर के प्रबुद्ध नागरिक लव कुमार तिवारी, दिनेश थवाईत, सुखसागर ओग्रे, अखिल शर्मा, अर्जुन यादव, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा थाना पामगढ़ पुलिस टीम के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share This Article