राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू थोड़ी देर में हिसार पहुंचेंगी। यहां वह गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री वितरित करेंगी। करीब 1 घंटे में वह डिग्री और मेडल देने के बाद GJU के VIP गेस्ट हाउस में लंच करेंगी।
राष्ट्रपति को इसमें हरियाणवी और राजस्थानी खाना परोसा जाएगा। लंच में देसी घी का चूरमा, बाजरे की खिचड़ी, मिलेट्स से बनी रोटियां, राजस्थान की केर सांगरी की सब्जी, चावल की खीर, बथुए का रायता, मूंग दाल तड़का, लौकी की सब्जी, पालक कोर्न, गाजर मेथी मटर की सब्जी, उबली सब्जी, रेड एंड ब्राउन राइस, ग्रीन सलाद और दही और ताजा फल परोसे जाएंगे।
इसके बाद दोपहर 3.20 बजे वह प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति के साथ-साथ समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई वीआईपी मेहमान शामिल होंगे। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 10 IPS अधिकारियों की अगुआई में 26 DSP और करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
561 PHD शोधार्थियों दी जाएंगी डिग्रियां
GJU के वाइस चांसलर प्रो. नरसी राम बिश्नोई के अनुसार समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा PHD, पोस्ट ग्रेजुएट व अंडर ग्रेजुएट की डिग्रियों के अतिरिक्त मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में 9 फरवरी 2018 से 31 दिसंबर 2024 तक अवॉर्ड की गई 561 PHD की डिग्रियां संबंधित शोधार्थियों को प्रदान की जाएंगी। यूटीडी और पुराने इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट महाविद्यालयों के 326 विद्यार्थियों को मेडल्स प्रदान किए जाएंगे।
2017 से 2023 तक के पासआउट संबद्ध डिग्री, लॉ व शिक्षा कॉलेजों के 149 विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी मेडल्स प्रदान किए जाएंगे। दूरस्थ शिक्षा माध्यम से 2018 से 2023 के बीच पासआउट 89 विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा कोर्स मेडल प्रदान किए जाएंगे। यूटीडी के केवल मई 2024 पासआउट 1529 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय में गत दीक्षांत समारोह 2017 में हुआ था।
पुलिस ने की नाकेबंदी, विद्यार्थियों के अभिभावकों को लौटाया
हिसार में राष्ट्रपति दौरे को लेकर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई है। शोधार्थी एवं डिग्री पाने वाले पास आउट विद्यार्थियों को ही अंदर जाने दिया जा रहा है। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को अंदर नहीं जाने दिया गया। ऐसे में अभिभावकों को वापस जाना पड़ा और विद्यार्थी पैदल रवाना हुए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 3 दिवसीय कार्यक्रम
10 मार्च: राष्ट्रपति गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उसी दिन वह ब्रह्माकुमारीज, हिसार के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर ‘समग्र कल्याण के लिए आध्यात्मिक शिक्षा’ नामक राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ करेंगी।
11 मार्च: राष्ट्रपति पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा और एम्स, बठिंडा के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उसी शाम राष्ट्रपति मोहाली में एक नागरिक स्वागत समारोह में शामिल होंगी, जिसका आयोजन पंजाब सरकार उनके सम्मान में करेगी।
12 मार्च: राष्ट्रपति चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।