Vedant Samachar

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन की तैयारियां पूर्ण

Vedant samachar
4 Min Read
  • विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

एमसीबी, 17 जून 2025 I छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में इस वर्ष 21 जून को मनेन्द्रगढ़ में ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला स्तरीय भव्य आयोजन का निर्णय लिया गया है, जिसके अंतर्गत प्रातः 7ः00 से 8ः00 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाकर नागरिकों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। इस आयोजन की जिम्मेदारी प्रशासन ने सुनियोजित ढंग से तय की है।

आयोजन का सफलतापूर्वक संचालन हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनेन्द्रगढ़ लिंगराज सिदार को नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस आयोजन में सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य, पेयजल से लेकर प्रचार-प्रसार तक की व्यापक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु प्रत्येक विभाग को उसकी भूमिका के अनुसार कार्य दायित्व सौंपा गया है। पुलिस विभाग को आयोजन स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है, जिसकी निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करेंगे। राजस्व विभाग कानून व्यवस्था एवं योग मंच की बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे, जिसका नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी मनेन्द्रगढ़ करेंगे। नगर पालिका परिषद एवं जनपद पंचायत को कार्यक्रम स्थल की सफाई, पीने के पानी की उपलब्धता, टैंकर एवं चूना मार्किंग जैसी जरूरी सुविधाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, खेल एवं युवा कल्याण विभाग को वीआईपी अतिथियों के लिए ट्रैक सूट की व्यवस्था तथा एनएसएस और एनसीसी स्वयंसेवकों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी है। लोक निर्माण विभाग को मंच व्यवस्था, ग्रीन मेट, योगा मेट, गद्दा, सफेद चादर जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं करनी है, जबकि लोक निर्माण विभाग को साउंड सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की व्यवस्था करनी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग विशेष अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करेगा। शिक्षा विभाग को विद्यालयों और महाविद्यालयों से छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और उद्घोषणा व्यवस्था संभालने का कार्य सौंपा गया है। खाद्य विभाग योगाभ्यास में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था करेगा। साथ ही आदिवासी विकास विभाग भी अपने अधीन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहयोग देगा।

जनसंपर्क विभाग को कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी शामिल है। उद्यानिकी विभाग को कार्यक्रम स्थल पर पुष्प सज्जा हेतु रोज स्टिक की व्यवस्था करनी है। समाज कल्याण विभाग द्वारा योग प्रशिक्षकों की उपस्थिति एवं आयोजन स्थल हेतु बैनर आदि की तैयारी कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जबकि आयुष विभाग काढ़ा एवं औषधियों का वितरण करेगा। इन समस्त व्यवस्थाओं का संचालन नोडल अधिकारी लिंगराज सिदार और सहायक नोडल अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में किया जाएगा। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध एवं समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि यह आयोजन पूर्ण गरिमा और सफलता के साथ संपन्न हो सके।

Share This Article