Vedant Samachar

हम पार्टी से जुड़ा नेता और उसकी पत्नी सेक्स रैकेट का सरगना, पुलिस ने छापेमारी कर कई युवतियों को बचाया

Vedant Samachar
3 Min Read

मुजफ्फरपुर,12जून 2025 । नगर थाने की पुलिस ने शहर में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस दौरान महिला समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। रैकेट का सरगना हम पार्टी से जुड़ा नेता एवं जूरन छपरा निवासी दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी किरण कुमारी बताए गए हैं। इसके अलावा इस धंधे में शामिल अघोरिया बाजार स्थित होटल सेंट्रल पार्क के मैनेजर सीतामढ़ी मणिक चौक के अंकित कुमार उर्फ छोटू, सुभद्रा होटल के मैनेजर मोतीपुर के पवन कुमार भंगेरिया, ऑटो चालक सिकंदरपुर के लक्ष्मण पासवान को गिरफ्तार किया गया है। इनके ठिकाने से एक कार, एक ऑटो, होटल का डीवीआर, ट्रेन का टिकट और पांच मोबाइल जब्त किए गए हैं।

नगर एसडीपीओ वन सीमा देवी ने बुधवार की शाम प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। पूछताछ में इस धंधे में शामिल और कई के बारे में जानकारी मिली है। इन सभी पर कार्रवाई के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। बताया गया कि मंगलवार की शाम नगर थानाध्यक्ष के सरकारी मोबाइल पर एक लडक़ी का काल आया। उसने थानाध्यक्ष को बताया कि उसे बंधक बना कर रखा गया है। वो वहां से निकलना चाहती है। इसके बाद थानाध्यक्ष के द्वारा लोकेशन पूछा गया। लडक़ी ने कहा कि वो कभी मुजफ्फरपुर नहीं आई है। इसके कारण उसे लोकेशन का पता नहीं है। मशक्कत के बाद लडक़ी को उक्त जगह की जानकारी मिली। तब उसने थानाध्यक्ष को काल कर बताई कि उसे छोटी कल्याणी के पास एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया है। इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी को निकाली गई।

काफी खोजबीन के बाद उक्त मकान का पता चला। इसके बाद पुलिस ने उक्त घर में छापेमारी कर उस लडक़ी के अलावा तीन और बंधक बनी लड़कियां को मुक्त करवाया। मौके से किरण कुमारी को गिरफ्तार किया।मकान से गर्भ निरोधक वस्तु भी जब्त किया गया। जांच के दौरान मोबाइल से कई बातों का पता चलाकिरण से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके पति दिलीप कुमार कुशवाहा और सिकंदरपुर मुक्तिधाम इलाके के आटो चालक लक्ष्मण पासवान को गिरफ्तार किया गया। इनके मोबाइल जब्त की गई। जांच के दौरान मोबाइल से कई बातों का पता चला। इसमें पता चला कि होटलों में भी इसका तार जुड़ा है। इसके बाद काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सेंट्रल पार्क होटल में छापेमारी की गई। वहां से होटल मैनेजर अंकित कुमार को गिरफ्तार किया गया। फिर नगर थाना क्षेत्र के छाता बाजार स्थित होटल सुभद्रा में भी छापेमारी की गई। वहां से भी होटल के मैनेजर पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया। हम के जिलाध्यक्ष संजर आलम ने कहा कि दिलीप कुशवाहा मुशहरी प्रखंड का युवा अध्यक्ष था। संदिग्ध गतिविधियों के कारण उसे पार्टी से निकाल दिया गया था।

Share This Article