जांजगीर-चांपा,01 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच आज तड़के मुठभेड़ हो गई। दो रातों में पांच अलग-अलग स्थानों पर डकैती और हत्या के प्रयास की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सात बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस घेराबंदी से निकलने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग करते हुए घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह-सुबह घेराबंदी के दौरान आरोपी रामनाथ ने देशी कट्टे से पुलिस बल पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने बीते दो रातों में जिले के अलग-अलग इलाकों में कुल पांच वारदातों को अंजाम दिया था, जिनमें डकैती के साथ हत्या के प्रयास की घटनाएं भी शामिल हैं। यह पूरा मामला थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पुलिस पूरे गिरोह से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित अपराधों की भी जांच की जा रही है।



