Vedant Samachar

राशन दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक बाल संरक्षण गृह भेजा गया

Vedant samachar
3 Min Read

मुंगेली, 20 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम चमारी (टिंगीपुर) स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आरोपियों के कब्जे से 22 क्विंटल चावल कीमती 52,800 रुपये तथा चोरी में प्रयुक्त एक ऑटो कीमती लगभग 1 लाख रुपये, कुल 1,52,800 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी परमेश्वर साहू पिता स्व. कलीराम साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी टिंगीपुर (चमारी) ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 30 दिसंबर 2025 को राशन वितरण के बाद शासकीय उचित मूल्य की दुकान को बंद किया गया था। 17 जनवरी 2026 को सरपंच एवं पंचों द्वारा सूचना दी गई कि दुकान के गोदाम का ताला तोड़कर चोरी कर ली गई है। जांच में 56 बोरी चावल (लगभग 28 क्विंटल) एवं 5 बोरी शक्कर गायब पाई गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 74,250 रुपये बताई गई।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने 15-16 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात को एकजुट होकर राशन दुकान का कुंडा तोड़कर गोदाम में घुसने और 44 बोरी चावल, कुल 22 क्विंटल चोरी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सिंह क्षत्रीय (20 वर्ष), योगेन्द्र साहू उर्फ जानू (22 वर्ष), जगदीश प्रसाद साहू उर्फ जीवन (18 वर्ष) एवं श्रवण यादव (20 वर्ष) सभी निवासी चमारी (टिंगीपुर) शामिल हैं। एक अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक पाया गया, जिसे बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 31/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली, प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, दिलीप साहू, रविकुमार जांगड़े, चंद्रप्रकाश ध्रुव, आरक्षक अजय चंद्राकर, अरुण साहू, रवि श्रीवास एवं संजय यादव की भूमिका सराहनीय रही।

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article